Thursday 24 March 2016

होली विशेष: राशिफल नहीं, राशिफन...😊😊😊

राशि‍फल नहीं... होली पर पढ़ि‍ए अपना चटपटा "राशि‍ फन"...

जिसकी राशि मेष हो। उसके लिए राशि फन...
01. मेष:
   मेष, मेढ़ अर्थात भेड़। भेड़ और बकरी का नाम साथ में लिए जाने से इसे बकरी भी माना जा सकता है। तो इस जाति के सभी जातकों के लिए यह होली बिल्कुल वैसी ही होगी जैसी भेड़ या बकरियों के लिए होती है। आपके ऊपर रंग डाले जाने पर आप वैसे ही भागेंगे जैसे भेड़ या बकरी पर पानी डाले जाने पर वह इधर-उधर भागती है, लेकिन अगर आपसे किसी ने रंग नहीं लगवाया तो आप वैसे ही चिढ़ भी सकते हैं जैसे भेड़ - बकरी चिढ़कर सींग मारने के लिए लपकती है।

   इस होली आपके लिए शुभ रंग है- हरा, क्योंकि हरा रंग देखकर भेड़-बकरियों में प्रसन्नता का संचार होता है। वहीं शुभ अंक आप अपनी मर्जी से भी चुन सकते हैं, क्योंकि बकरियां काफी मूडी होती हैं और अंक पसंद न आने पर वे चिढ़ भी सकती हैं। इस होली से उस होली तक आपका मूड कभी भी बदल सकता है, इसलिए गुस्से पर नियंत्रण रखें।

बुरा ना मानो....!! होली है!!!👍

जिसकी राशि वृषभ हो। उसके लिए राशि फन...
02. वृषभ:
   वृषभ यानि बैल।  इस जाति के जातक बैल की तरह सबसे जिद्दी होते हैं और किसी को भी रंग लगाने या किसी से न लगवाने के लिए अड़ सकते हैं। लेकिन भि‍या अड़ने पर आपकी गाड़ी किसी से भिड़ भी सकती है। भि‍ड़ने वाला आपकी तरह बैल यानि वृषभ राशि वाला रहा तब तक तो ठीक है, लेकिन गलती से भी किसी सिंह, वृश्चिक यानि बिच्छु या फिर कर्क अर्थात केकड़े साथ भि‍ड़ गए तो लेने के देने भी पड़ सकते हैं।

   और हां, इस दिन लड़कियों से जरा दूर ही रहने में भलाई रहेगी, अन्यथा पुलिस की गाड़ी में बैठे राहु और केतु की दशा झेलनी पड़ सकती है। इस होली पर शांति बनाए रखने के लिए सफेद रंग का प्रयोग ही शुभ होगा। लाल रंग से परहेज करें, यह खतरे की घंटी भी हो सकता है।

बुरा ना मानो....!! होली है!!!👍

जिसकी राशि मिथुन हो। उसके लिए राशि फन...
03. मिथुन:
   इस राशि के जातक काफी रोमांटिक टाइप के होते हैं इसलिए अावारा मजनुओं से लेकर मोहल्ले की अंगूरी भाभि‍यों की तांकाझांकी करने वाले शादीशुदा पुरुषों तक को इस श्रेणी में रखा गया है। वैसे तो य‍ह होली आपके लिए शुभ है, लेकिन अपने साथी पर फोकस करने के बजाए उसके इर्द-गिर्द ध्यान देने पर दुर्घटना के योग भी बन रहे हैं।

   इस बात का विशेष ध्यान रखें। वैसे तो आपके लिए लाल रंग बेहद शुभ और रोमांस का सूचक है, परंतु सावधानी न बरते पर यह खतरे का रंग भी साबित हो सकता है। अनहोनी से बचने के लिए, चेहरे को अनेक रंगों से सराबोर कर लें ताकि कोई पहचान न सके, तभी होली खेलें, कल्याण होगा।

बुरा ना मानो....!! होली है!!!👍

जिसकी राशि कर्क हो। उसके लिए राशि फन...
04. कर्क:
   कर्क यानि केकड़ा प्रजाति के जातकों के लिए होली सामान्य रहेगी, परंतु दूसरों के लिए यह असामान्य हो सकती है। होली की महत्ता को समझें और लोगों को रंग लगाने दें। गुस्से में आकर किसी को काट लेना, अर्थात गुस्सा करना आपके लिए परेशानी पैदा कर सकता है।

   चूंकि आपको पानी में रहना पसंद है, इसलिए आपका शुभ रंग है नीला और शुभ अंक बिल्कुल आपके फिगर की तरह है, यानि 8।

बुरा ना मानो....!! होली है!!!👍

जिसकी राशि सिंह हो। उसके लिए राशि फन...
05. सिंह:
   सिंह यानि लल्लूपंजू और छुटभैये से लेकर दमदार नेता और गुंडे मवालियों से लेकर पुलिस वालों तक, आपके लिए होली हमेशा शुभ ही रहेगी, लेकिन आपके बिना दहाड़े होली खेलना औरों के लिए भी शुभ रहेगी। होली पर अपनी मनमानी न करें, यह भाई-चारे का पर्व है इसे बकरी से लेकरमीन अर्थात मछली तक सब साथ मिलकर मना सकते हैं।

   गुस्से पर नियंत्रण रखें अन्यथा बिच्छु और केकड़े से हानि हो सकती है। चुंकि सिंह नॉन वेजिटेरियन होता है, इसलि‍ए हरा रंग देखकर आपको गुस्सा आ सकता है, इसका प्रयोग न करें। इस होली पर आम जनता के खून का रंग लाल भी आपके लिए अशुभ है। अशुभ प्रभाव को कम करने के लिए जनता को प्रसन्न रखें।

बुरा ना मानो....!! होली है!!!👍

जिसकी राशि कन्या हो। उसके लिए राशि फन...
06. कन्या:
   कन्या यानि कॉलेज गोइंग गर्ल्स से लेकर नई नवेली दुल्हनों तक सभी कन्याओं के लिए होली रोमांचक रहेगी। रंगीले मजनुओं की टोलियां आपकी कॉलोनी में रंग खेलने के बहाने आपके दर्शन के लिए पहुंच सकती है, परंतु इनसे सावधानी रखना श्रेृष्ठ रहेगा।

   अजनबियों पर भरोसा न करें, बालों में नारियल का तेल लगाकर निकलें और भांग का सेवन न करें। वैसे तो आपके लिए हर तरह की छूट होती है, तो रंगों की क्या बिसात... सारे ही रंग आपके लिए शुभ होते हैं, लेकिन आपकी पसंद का गुलाबी रंग विशेष होगा, जिससे आपकी रंगत और निखरने के योग हैं।

बुरा ना मानो....!! होली है!!!👍

जिसकी राशि तुला हो। उसके लिए राशि फन...
07. तुला:
   तुला राशि के जातकों की रुचि हर चीज को तोल-मोल कर करने की होती है, इसलि‍ए समस्त लाला, बनिये और सिंधी लोगों को इस श्रेणी में रखा गया है। इस होली पर रंग लगाने में कंजूसी या हिसाब-किताब न करें। खुलकर रंग खेलें।

   रंगों से जितना प्यार जताएंगे, उतने ही मिठाई के डि‍ब्बे आपके घर पहुंचने के योग बन रहे हैं। परंतु मिठाई का ज्यादा प्रयोग आपकी पारंपरिक रूप से इमेजिन की जाने वाली तोंद को बढ़ा सकता है इसलिए इससे दूर रहें। यह प्रयोग आपकी तोंद को कम कर मॉडर्न लुक देगा।

बुरा ना मानो....!! होली है!!!👍

जिसकी राशि वृश्चिक हो। उसके लिए राशि फन...
08. वृश्चि‍क:
   बिच्छू राशि के जातक कभी-भी किसी को भी डंक मार सकते हैं अर्थात गच्चा दे सकते हैं इसलिए शैतान और कमजोर दिमाग के छात्रों, शादी लायक युवक-युवतियों, जेल से भागने वाले अपराधि‍यों, ज्योतिष भविष्यवाणियों, शेयर मार्केट को इस श्रेणी में रखा गया है। विद्यार्थि‍यों की मेहनत रंग ला सकती है, परंतु शादी लायक युवक-युवतियों पर बिल्कुल भरोसा न करें।

   रिश्ता जुड़ते ही ये रफूचक्कर हो सकते हैं और कुछ प्रेमी दिल टूट भी सकते हैं, इसके लिए तैयार रहें। जेल से भागने वाले अपराधि‍यों को होली का फायदा मिल सकता है, चेहरे को रंगने के लिए 7 रंगों का प्रयोग करें। वहीं किसी अन्य ज्योतिष की भविष्यवाणी और शेयर मार्केट दोनों ही होली पर अपने रंग बदल सकते हैं।

बुरा ना मानो....!! होली है!!!👍

जिसकी राशि धनु हो। उसके लिए राशि फन...
09. धनु:
   प्यार हो या दुश्मनी इस राशि के जातकों का निशाना कभी नहीं चूकता। होली पर गुब्बारों का निशाना लगाना आपके लिए शुभ होगा। परंतु निशाना लगाते समय भांग का प्रयोग न करें।

   कहीं पे निगाहें कहीं पे निशाना लगाना आपके लिए हानिकारक हो सकता है और लाल रंग के स्थान पर पिटाई के बाद शरीर से रक्त भी बह सकता है। इससे बचने के लिए साफ पानी के गुब्बारे ही प्रयोग करें और अपने निशाने को सही जगह पर लगाएं।

बुरा ना मानो....!! होली है!!!👍

जिसकी राशि मकर हो। उसके लिए राशि फन...
10. मकर:
   मगर की तरह आराम पसंद और शि‍कार के इंतजार में बैठे लोगों को इस प्रकार के जातक होली खेलने के बजाए, मगर की तरह रंगों से भरे पूल में आराम न फरमाएं। यह आपकी त्वचा को खराब कर सकता है और आपको दोस्तों से गुब्बारों की अधि‍क मार झेलनी पड़ सकती है।

   भांग का सेवन आपके लिए शुभ रहेगा, इस बहाने ही सही, आप थोड़ा सक्रिय होकर दोस्तों का मनोरंजन कर सकते हैं। अन्यथा आलसी लक्षणों के चलते कोई शि‍कार आपके पास नहीं आएगा। भांग खाने के बाद रोने से बचें, अन्यथा आपको मगरमच्छ के आंसू संबंधी मुहावरे का सामना करना पड़ सकता है।

बुरा ना मानो....!! होली है!!!👍

जिसकी राशि कुंभ हो। उसके लिए राशि फन...
11. कुंभ:
   सालभर तक घड़े की तरह मन ही मन भरे रहने के बजाए होली पर मन के रंगों को छलकाना आपके लिए शुभ होगा। अपने मन की पूरी भड़ास निकालकर होली खेलें और किसी भी रंग से परहेज न करें।

   अपने घर पर दोस्तों व रिश्तेदारों का कुंभ यानि जमावड़ा करें और सभी को भांग वाली ठंडाई पिलाएं। यह पर्व आपके लिए खुशि‍यों से भरा और आनंददायक होगा।

बुरा ना मानो....!! होली है!!!👍

जिसकी राशि मीन हो। उसके लिए राशि फन...
12. मीन:
   हर वक्त आंखे खुली रखने वाली मछली यानि मीन राशि के जातकों में जासूस, तांकाझांकी करने वालों को रखा गया है।  जाहिर-सी बात है कि मछलियों की तरह आपको पानी बहुत पसंद होगा, लेकिन इस बार पानी बचाते हुए सूखे रंगों से ही होली खेलें।

   होली खेलते समय मछली की तरह हर वक्त आंखें खुली न रखें। इससे आंखों में रंग जा सकता है। हां!!! चमकीले रंगों का इस्तेमाल कर आप सभी को मछली जैसा चमकीला बना सकते हैं। होली पर आपका शुभ रंग है नीला, ताकि आपको पानी की कमी महसूस न हो। फेसबुक के रंग को पानी समझकर अधि‍क तांकाझांकी करना आपके लिए अशुभ हो सकता है। इस बात का ध्यान रखें। 

बुरा ना मानो....!! होली है!!!👍

नोट : यह राशि‍फन पूरी तरह से काल्पनिक है। इस राशि‍फन का किसी भी राशि‍ से कोई संबंध नहीं है।

Happy Holi & Dhulendi to all Friends & Relatives...
😁😁😁🙏

5 comments:

Unknown said...

बहुत अच्छा प्रयास प्रवीण जी राशीफन को पढ़ कर मन प्रसन्न हो गया

Unknown said...

Naic

Praveen C. Singhvi said...
This comment has been removed by the author.
Praveen C. Singhvi said...

धन्यवाद...!🙏

Praveen C. Singhvi said...

Thanks...🙏